
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत करेडारी प्रखंड की पेटो पंचायत अंतर्गत चट्टी पेटो गांव में शनिवार (15 अगस्त 2026) की देर रात जहरीले सांप के डंसने से छह वर्षीय राजन कुमार की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार रात करीब 12 बजे बच्चा घर में सो रहा था, तभी सांप ने उसे डस लिया। आनन-फानन में परिजन बच्चे को लेकर केरेडारी प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं थे तथा एंटीवेनम दवा भी उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद गंभीर हालत में बच्चे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीण शव लेकर केरेडारी अस्पताल परिसर पहुंचे और चिकित्सकीय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समय पर चिकित्सकीय सुविधा और एंटीवेनम मिल जाती तो बच्चे की जान बच सकती थी। ग्रामीणों ने रात के समय अस्पताल में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त मात्रा में एंटीवेनम रखने की मांग की। अस्पताल की कथित लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में देर रात तक आक्रोश बना रहा। वहीं घटना के विरोध में परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर केरेडारी टंडवा मार्ग को जाम कर दिया है। इस कारण दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। अब तक घटनास्थल पर किसी सक्षम पदाधिकारी के पहुंचने की सूचना प्राप्त नहीं है।

