RANCHI: रांची के लोक भवन में आयोजित ‘ऐट होम’ कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ‘गणतंत्र दिवस में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एनसीसी कैडेट्स और वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन के प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस शिविर में राज्य का प्रतिनिधित्व करना गौरव और सम्मान की बात है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष पर आयोजित ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन’ को युवाओं में राष्ट्रभक्ति, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया। उन्होंने कैडेट्स की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उनके प्रशिक्षकों और अधिकारियों को भी बधाई दी।

एनसीसी संगठन नहीं पूरी पाठशाला
उन्होंने कहा कि नेशनल कैडेड कॉर्प्स केवल एक संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रप्रेम की पाठशाला है। एनसीसी युवाओं में चरित्र निर्माण, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करता है। उन्होंने उल्लेख किया कि एनसीसी विश्व का सबसे बड़ा युवा संगठन है, जो ‘विविधता में एकता’ का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है। राज्यपाल ने उल्लेख किया कि वे खुद भी छात्र जीवन में एनसीसी कैडेट रहे हैं। एनसीसी कैडेट्स परेड और शिविरों के अलावा रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर में एनसीसी कैडेट्स की भागीदारी की विशेष सराहना की।
बेटियां भी जुड़ रही एनसीसी से
उन्होंने प्रसन्नता जताई कि बड़ी संख्या में बेटियां भी एनसीसी से जुड़कर नेतृत्व और अनुशासन की मिसाल कायम कर रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। राज्यपाल ने ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को साकार करने में युवाशक्ति की अहम भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एनसीसी इस दिशा में एक सशक्त मंच प्रदान करता है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन’ के प्रतिभागियों को 10,000 की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

