गुमला : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर झारखंड के गुमला जिले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को सुबह से ही शिवालयों में हर हर महादेव… के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिली। डुमरी प्रखंड स्थित टांगीनाथधाम में हजारों की संख्या में भोले बाबा के भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त यहां पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।


टांगीनाथधाम सुबह से ही भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार और शंखध्वनि से वातावरण गूंजता रहा। महाशिवरात्रि को लेकर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखा गया। श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, दूध और गंगाजल के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते नजर आए। मंदिर समिति की ओर से दर्शन-पूजन की बेहतर व्यवस्था की गई थी, जिससे भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
वहीं पालकोट प्रखंड स्थित बुढ़वा महादेव में भी दिनभर शिवभक्तों की कतार लगी रही। श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र में शांति की मंगलकामना की। मंदिर परिसर में स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धालुओं को कतार में लगाकर दर्शन कराया गया।
वहीं, घाघरा स्थित देवकीधाम और रायडीह स्थित महासदशिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ स्वयंसेवकों की टीम भी सक्रिय रही, जो भीड़ प्रबंधन के साथ महिला श्रद्धालुओं की सहायता और प्राथमिक उपचार जैसी व्यवस्थाओं में जुटी रही।
महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर पूरे इलाके में भक्तिभाव और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिरों में उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि आज भी शिवभक्ति लोगों के जीवन में आस्था और ऊर्जा का प्रमुख स्रोत बना हुआ है।

