चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा पश्चिमी पंचायत में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया गया। पंचायत भवन में मुखिया पद्मिनी लागुरी द्वारा भष्मीकरण यंत्र (Incinerator) स्थापित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को यंत्र के उपयोग और महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
कचरे के सुरक्षित निपटान में मिलेगी मदद
मुखिया पद्मिनी लागुरी ने ग्रामीणों को बताया कि भष्मीकरण यंत्र एक विशेष उपकरण है। इससे कचरे, जैविक अपशिष्ट, अस्पताल के मेडिकल वेस्ट, मृत पशुओं के अवशेष और अन्य ज्वलनशील पदार्थों को उच्च तापमान पर जलाकर नष्ट किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस यंत्र के इस्तेमाल से कचरे का सुरक्षित निपटान होगा और पर्यावरण स्वच्छ रहेगा।
संक्रमण का खतरा होगा कम
मुखिया ने कहा कि भष्मीकरण यंत्र लगने से पंचायत में गंदगी कम होगी और संक्रमण फैलने की संभावना घटेगी। कचरा प्रबंधन की व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
ग्रामीणों ने लिया स्वच्छ पंचायत का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को यंत्र की कार्यप्रणाली और इससे होने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने स्वच्छ और स्वस्थ पंचायत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। लोगों ने कहा कि वे अब कचरे को इधर-उधर नहीं फेंकेंगे और पर्यावरण संरक्षण में मदद करेंगे।
स्वच्छ गांव की दिशा में अहम कदम
पंचायत में भष्मीकरण यंत्र की स्थापना को स्वच्छ गांव और बेहतर पर्यावरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन की समस्या का समाधान होगा और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा। ग्रामीणों ने मुखिया की इस पहल की सराहना की।

