Hazaribag : झारखंड के हजारीबाग जिले के हबीब नगर इलाके में बुधवार को हुए जोरदार विस्फोट से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रशीदा परवीन (पति मुस्ताक), सद्दाम (पिता यूनुस) और नन्ही परवीन (पति सद्दाम) के रूप में हुई है। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
यह घटना बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र के अंतर्गत एक खुले स्थान पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका अचानक हुआ, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में झाड़ी साफ करने के दौरान विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। विस्फोट के प्रकार और कारणों को लेकर जांच जारी है।
सूचना मिलते ही चार थानों के थाना प्रभारी और दो डीएसपी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा कारणों से पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। डॉग स्क्वॉड और तकनीकी टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट के असली कारणों का खुलासा होगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2016 में भी इसी हबीब नगर इलाके में हुए बम विस्फोट में छह लोगों की जान गई थी, जिससे यह इलाका पहले भी दहशत का गवाह रह चुका है।
Read Also: इन्द्रपुरी चौक युवक हत्याकांड का खुलासा, 7 अभियुक्त गिरफ्तार, तलवार व बेसबॉल बैट बरामद

