Hazaribag : हजारीबाग के डीसी ऑफिस सभागार में आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान 2.0 का आगाज शुक्रवार को हुआ। इस अभियान की शुरुआत के मौके पर हजारीबाग के डीसी शशि प्रकाश सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों को आकांक्षी जिला और आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान 2.0 के सभी संकेतकों को पूरा करने की शपथ दिलाई गई।

गौरतलब है कि इस अभियान का मकसद स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, शिक्षा, पशु, टीकाकरण और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को मजबूत और प्रभावशाली बनाना है। इस अभियान के तहत आकांक्षी जिला के निर्धारित संकेतकों जैसे स्वास्थ्य प्रणाली, रोग निगरानी, स्वच्छता जागरूकता और शिक्षा ढांचा को मजबूत बनाया जाना है।
14 अप्रैल तक चलेगा अभियान
यह अभियान 14 अप्रैल तक संचालित होगा। इस मौके पर हजारीबाग के डीसी शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि नीति आयोग ने जो लक्ष्य तय किए हैं। सभी विभागों को उन्हें पूरा करना होगा। इन लक्ष्यों को एक चुनौती के रूप में स्वीकार कीजिए।
किसी स्कूल में नहीं रहेगी पेय जल की दिक्कत
डीसी ने कहा कि सभी विद्यालयों में पेयजल और शौचालय की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए जो भी संसाधन उपलब्ध हैं। उनका समुचित इस्तेमाल किया जाए। कोई भी ऐसा विद्यालय न बचे जहां पेयजल की दिक्कत हो। डीसी ने कहा कि आकांक्षी प्रखंडों में छोटी से छोटी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। ताकि 14 अप्रैल 2026 तक इन प्रखंडों में विकास से संबंधित कोई भी समस्या ना रहे।
एमओआइसी के साथ होगी नियमित बैठक
डीसी ने सदर अनुमंडल अधिकारी और प्रशिक्षु आइएएस को निर्देश दिया कि वह क्षेत्र भ्रमण के दौरान फील्ड से जुड़े कर्मचारियों को समझाएं और उनके व्यवहार में सुधार लाएं। उन्हें प्रेरित कर आकांक्षी प्रखंडों की समस्याओं का निदान कराएं। सभी अभियंताओं को भी प्राथमिकता के आधार पर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है। डीसी ने सभी प्रखंड विकास अधिकारियों से कहा कि पब्लिक हेल्थ सेक्टर को मजबूत बनाएं। सभी अस्पतालों के एमओआइसी के साथ नियमित बैठक कर यह सुनिश्चित करें कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों का अच्छे से इलाज हो और उन्हें दवाएं दी जाएं। संपूर्णता
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
अभियान 2.0 की शुरुआत के मौके पर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के अलावा सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता, डीडीसी रिया सिंह, सदर अनुमंडल अधिकारी आदित्य पांडे, प्रशिक्षु आईएएस आनंद शर्मा, जिला योजना अधिकारी पंकज तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी शिप्रा सिंह सिंह आदि मौजूद रहे।
Read Also- MUNICIPAL ELECTION : मेयर पद के लिए अब 11 कैंडिडेट मैदान में, 8 अभ्यर्थियों ने वापस लिया नाम

