रांची। हजारीबाग कोषागार से अवैध वेतन निकासी मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की विशेष जांच टीम (एसआईटी) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने सोमवार को एक अप्राथमिकी आरोपी सौरभ कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
सौरभ के खाते में हजारीबाग पुलिस के सरकारी खाते से करीब 3.5 करोड़ रुपये हस्तांतरित हुए थे। वह पूर्व में गिरफ्तार रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज सिंह का रिश्तेदार है।
कुल छह लोग किए जा चुके हैं गिरफ्तार
हजारीबाग ट्रेजरी घोटाला में यह छठी गिरफ्तारी है। सौरभ कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के काराकाट गोराड़ी थाना क्षेत्र के करु लोरीबांध का निवासी हैष वह वर्तमान में हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र के हीराबाग चौक के पास रहता था।
अवैध तरीके से वेतन निकासी मामले में हजारीबाग के लोहसिंघना थाने में आठ अप्रैल 2026 को दर्ज कांड संख्या 32/2026 को टेकओवर करते हुए सीआइडी ने 24 अप्रैल को सीआइडी थाना कांड संख्या 05/26 में केस री-रजिस्टर्ड की थी।
सौरभ के पास से बरामद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के खाता नंबर 33894930737 में पूर्व के अनुसंधानकर्ता ने 1,50,00000 (एक करोड़, पचास लाख) रुपये का फिक्सड डिपोजिट एवं 18,86,467 (अठारह लाख, छियासी हजार, चार सौ सड़सठ) रुपये को फ्रीज किया है।
अर्थात कुल 1 करोड़ 68 लाख, 86 हजार 467 रुपये को फ्रीज कराया गया है। उसके पास से होंडा बाइक जेएच-02बीयू-0844, मोबाइल, एसबीआई का पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि जब्त किया गया है।
महिला समेत पांच आरोपियों को पहले ही भेजा जा चुका है जेल
पूर्व में गिरफ्तार पांच आरोपितों में एसपी कार्यालय हजारीबाग का मुख्य लेखापाल सह मास्टरमाइंड हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र के दीपूगढ़ा निवासी शंभू कुमार, उसकी पत्नी काजल कुमारी, उसके सहयोगी चतरा के हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंड्राकला निवासी रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज सिंह व उसकी पत्नी खुशबू सिंह, बिहार के गयाजी बिहार के कांच थाना क्षेत्र के शंकरबीघा निवासी धीरेंद्र सिंह शामिल हैं। सभी पांचों आरोपित वर्तमान में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। अब एसआईटी ने छठे आरोपित सौरभ कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।
Read Also: Dhanbad News: एसएनआर आउटसोर्सिंग कंपनी के सुपरवाइजर की ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मौत

