धनबाद। धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालीचक स्थित एसएनआर आउटसोर्सिंग कंपनी में दुर्घटना में सुपरवाइजर की मौत हो गई।
यह हादसा सोमवार को हुआ, जिसमें 54 वर्षीय रामस्वरूप चौहान की मौत हो गई। वे गोधरा 4 नंबर के निवासी थे। वे नेचुरल आउटसोर्सिंग कंपनी में पिछले चार वर्षों से सुपरवाइजर (स्विफ्ट इंचार्ज) के पद पर कार्यरत थे।
वहीं मृतक के पुत्र आदर्श कुमार ने बताया कि उनके पिता सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे और कुछ ही देर बाद हादसे की खबर मिल गई। परिजनों का कहना है कि अब तक कंपनी की ओर से किसी मुआवजे को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। कंपनी के इंचार्ज श्रीराम पांडे ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।
जानकारी के अनुसार, रामस्वरूप चौहान कार्यस्थल पर ड्यूटी में थे। इसी दौरान वे 12 चक्का वाल्वो टिपर की चपेट में आ गए। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों एवं अन्य लोगों ने उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया। लेकिन यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन गुड्डू चौहान ने बताया कि उन्हें फोन के जरिए हादसे की सूचना मिली। इसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि भारी वाहन उनकी कमर के पास चढ़ गया, जिससे ड्यूटी के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
Read Also : RANCHI NEWS: टीपीसी का सबजोनल कमांडर अरविंद राम गिरफ्तार, हथियार व मोबाइल बरामद

