Jamshedpur : जमशेदपुर में रविवार और सोमवार को अलग-अलग जगहों पर दर्दनाक हादसों की श्रृंखला सामने आई है। कहीं रेलवे ट्रैक किनारे शव मिलने से सनसनी फैल गई, तो कहीं सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला की जान चली गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सभी मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।
रेलवे ट्रैक किनारे चालक का क्षत-विक्षत शव बरामद
गोविंदपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक किनारे एक चालक संतोष लोहार (37) का क्षत-विक्षत शव मिला। परिजनों ने बताया कि वह सुबह काम पर निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। पुलिस प्रारंभिक तौर पर ट्रेन हादसे की आशंका जता रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गैस सिलेंडर लदे ट्रक की टक्कर से महिला की मौत
मानगो थाना क्षेत्र में इंडेन गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में सबीहा खातून (54) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी इलाज के दौरान सोमवार की सुबह मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। हादसा मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 13 के पास हुआ है। यहां करीम सिटी कॉलेज के लाइब्रेरियन जावेद मसूद अपनी स्कूटी पर पत्नी को लेकर कहीं जा रहे थे। तभी ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मारी। इन दिनों शहर में हादसों में मौत की संख्या बढ़ रही है। लोग वाहनों को चलाने में लापरवाही बरत रहे हैं। बिजी सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन दौड़ाए जा रहे हैं। यातायात पुलिस सिर्फ हेलमेट चेकिंग में मस्त है। बाइक सवार भी जिगजैग ड्राइविंग से लोगों को परेशान किए हुए हैं।
सड़क हादसे में पांच घायल, तीन की हालत गंभीर

पोटका थाना क्षेत्र में टाटा-हाता मार्ग पर मारुति 800 और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल, जमशेदपुर में चल रहा है। बताया जा रहा है कि परसुडीह के तुपुडांगा के रहने वाले विक्की भूमिज, सन्नी गागराई और कार्तिक सामद कार से जमशेदपुर जा रहे थे। तभी उनकी कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। ट्रक भी पलट गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। कार सवार तीनों युवकों की हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटा कर रास्ता साफ कराया। इसके बाद वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका।

