
Dhanbad : धनबाद में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। रविवार को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के खेरकाबाद स्थित 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के पास हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिसकी हत्या की गई है वह झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी 45 वर्षीय उमेश यादव है। वह गोधर स्थित एक आटा मिल में पिछले कई वर्षों से कार्यरत थे और ग्राहकों से बकाया राशि की वसूली का काम संभालते थे।
बताते हैं कि रविवार को भी उमेश यादव विभिन्न ग्राहकों से पैसे का कलेक्शन कर बाइक से मिल लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मृतक के भाई राजेश यादव ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या लूट की साजिश हो सकती है। वहीं आटा मिल के मालिक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश यादव पिछले सात-आठ वर्षों से उनके यहां काम कर रहे थे और रविवार सुबह करीब 11 बजे कलेक्शन के लिए निकले थे।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उमेश यादव के पास कितनी रकम थी और अपराधियों का मकसद लूटपाट था या फिर किसी पुरानी दुश्मनी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। केंदुआडीह थाना के इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय के नेतृत्व में मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।

