
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दूमबीसाईं गांव के लोगों में शोक की लहर है। गांव में सभी यह चर्चा करते नजर आ रहे हैं कि आखिर आजकल युवाओं को क्या हो गया है। गांव में ही 21 वर्षीय छात्र मुकेश देवगम ने मंगलवार को आत्महत्या कर ली। वह राजनगर के चालियामा इंटर कॉलेज में पढ़ाई करता था। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह कोई इतना बड़ा कदम उठा सकता है।
घटना के समय घर में अकेला था मुकेश
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर मुकेश घर में अकेला था। दोपहर बाद जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने मुकेश को कमरे में मृत पाया। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गई। ग्रामीण मुंडा ने तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर देर शाम पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले आई। देर शाम हो जाने के कारण मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रख दिया गया था।
घटना के पीछे कारणों का पता लगा रही पुलिस
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि मुकेश ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। वह पढ़ाई में सामान्य था और चालियामा इंटर कॉलेज में अध्ययनरत था। पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता चल सके। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

