Ranchi : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने अनुशासनहीनता के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए जैप, आईआरबी और एसआईआरबी के पांच कमांडेंट से स्पष्टीकरण तलब किया है। ये अधिकारी बिना पूर्व सूचना और अनुमति के अपने-अपने मुख्यालय छोड़कर बाहर पाए गए थे।
यह कार्रवाई जैप के डीआईजी एस. कार्तिक द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर की गई है। मुख्यालय के आईजी ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछा है कि उन्होंने किन परिस्थितियों में अपने वाहिनी मुख्यालय को छोड़ा।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिन अधिकारियों से जवाब मांगा गया है, उनमें जैप-5, जैप-8, जैप-9, आईआरबी-9 और एसआईआरबी-2 के कमांडेंट शामिल हैं। दरअसल, दो दिन पहले मुख्यालय को सूचना मिली थी कि कुछ जिलों के एसपी और जैप-आईआरबी के कमांडेंट बिना अनुमति रांची या अन्य जिलों में आ-जा रहे हैं। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए मुख्यालय ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
इसके बाद डीआईजी जैप ने संबंधित अधिकारियों से लाइव लोकेशन मांगी। लोकेशन की जांच के बाद रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेजी गई, जिसके आधार पर अब संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
Read also Potka News: हाता में बन रहे बस स्टैंड-मार्केट कॉम्प्लेक्स की असमतल छत पर भरा पानी, विधायक नाराज

