Home » Jamshedpur News : जमशेदपुर में मदरहुड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ, राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया उद्घाटन

Jamshedpur News : जमशेदपुर में मदरहुड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ, राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया उद्घाटन

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : शहर के न्यू बाराद्वारी क्षेत्र में शुक्रवार को मदरहुड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का विधिवत शुभारंभ हुआ। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने दोपहर करीब 2:30 बजे अस्पताल का उद्घाटन किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा सहित कई चिकित्सक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अस्पताल की चिकित्सा निदेशक डॉ. प्रिया वर्मा ने बताया कि “हीलिंग हैंड्स, केयरिंग हार्ट्स” की सोच के साथ स्थापित इस मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में आधुनिक तकनीक से लैस स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ 15 अनुभवी डॉक्टरों की टीम मरीजों को उपचार देगी। अस्पताल का उद्देश्य एक ही छत के नीचे गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Jamshedpur Governor Programme Motherhood Hospital

न्यू बाराद्वारी में मदरहुड स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन करते राज्यपाल संतोष गंगवार

उन्होंने बताया कि अस्पताल में विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के साथ आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। गंभीर मरीजों के लिए दो बेड का आईसीयू और नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए तीन बेड का एनआईसीयू बनाया गया है। इसके अलावा गायनी विभाग में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

ऐप से इलाज के खर्च की मिलेगी पूरी जानकारी

डॉ. प्रिया वर्मा ने बताया कि अस्पताल ने एक विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया है, जिसमें मरीज का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। इलाज के दौरान होने वाला खर्च भी रियल टाइम में ऐप पर अपडेट होता रहेगा, जिससे मरीज और उनके परिजन हर समय खर्च की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे इलाज पूरा होने के बाद अचानक बड़ा बिल मिलने जैसी परेशानी नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में अन्य बड़े निजी अस्पतालों की तुलना में किफायती दरों पर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। गायनी विभाग में पेनलेस नॉर्मल डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं जरूरत पड़ने पर सिजेरियन डिलीवरी की भी व्यवस्था रहेगी।

ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा

अस्पताल में मरीज ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकेंगे, जिससे लंबी कतारों में लगने की आवश्यकता नहीं होगी। भविष्य में अस्पताल को आयुष्मान भारत योजना से भी जोड़ा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य योजना का लाभ मिल सके।

महानगरों जैसी सुविधाएं अब जमशेदपुर में

अस्पताल की पार्टनर शांति मिश्रा ने कहा कि अब जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के लिए बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मदरहुड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में मरीजों को आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Related Articles

Leave a Comment