Home » Jamshedpur News : दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, केंद्रीय समिति ने उपायुक्त व टाटा स्टील यूआईएसएल के साथ की बैठक

Jamshedpur News : दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, केंद्रीय समिति ने उपायुक्त व टाटा स्टील यूआईएसएल के साथ की बैठक

विसर्जन घाटों की व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, सफाई, लाइटिंग और ड्रेनेज समेत विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : दुर्गा पूजा को लेकर जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा समितियों की समस्याओं के समाधान और शहर में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन और टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों के साथ बैठक एवं स्थल निरीक्षण किया।

स्वर्णरेखा घाट की स्थिति का लिया जायजा

उपायुक्त के निर्देश पर केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों ने आरसीडी के अधिकारियों के साथ विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों में शामिल स्वर्णरेखा घाट की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान घाट के स्लोप में सुधार की आवश्यकता सामने आई। केंद्रीय समिति ने विभागीय पदाधिकारी दिव्यांशु को इसकी जानकारी दी। बताया गया कि घाट पर एक साथ करीब 15 से 20 वाहन खड़े होकर विसर्जन कार्य में शामिल होते हैं, इसलिए आवश्यक सुधार कार्य जल्द शुरू करने की जरूरत है। इसके अलावा क्रेन और एंबुलेंस खड़े करने के लिए स्थान भी निर्धारित किया गया।

केंद्रीय समिति को आश्वासन दिया गया कि दुर्गा पूजा से पहले घाट को पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर स्थिति में तैयार कर दिया जाएगा।

जुस्को अधिकारियों के साथ हुई बैठक

शहरी क्षेत्र में पूजा के दौरान मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्रीय समिति ने टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें पूजा समितियों और शहरवासियों को होने वाली विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

लगातार बारिश से खराब हुई सड़कों और विसर्जन घाटों की स्थिति पर समिति ने चिंता जताते हुए पूजा से पहले मरम्मत कराने का आग्रह किया। इस पर जुस्को पदाधिकारी आर.के. सिंह ने आश्वासन दिया कि बारिश थमने के बाद सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर कराया जाएगा।

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सभी पूजा पंडालों में डस्टबिन उपलब्ध कराने की मांग की गई। पंडालों के आसपास कीचड़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए जल्द स्लैग उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया।

जुस्को पदाधिकारियों ने पूजा समितियों से बिजली कनेक्शन के लिए जल्द आवेदन जमा करने की अपील की। वहीं केंद्रीय समिति ने भी सभी पूजा समितियों से अपनी समस्याओं की जानकारी तत्काल केंद्रीय समिति को देने का आग्रह किया, ताकि पूजा से पहले उनका समाधान कराया जा सके।

कई पूजा स्थलों की समस्याएं उठीं

बैठक में विभिन्न पूजा समितियों की ओर से कई स्थानीय समस्याएं सामने रखी गईं। लिट्टी चौक स्थित पूजा स्थल के समीप जलजमाव, आमबागान मैदान की बदहाल स्थिति, हरिजन स्कूल मैदान और शीतला माता मंदिर सहित कई स्थानों पर बंद हाईमास्ट लाइट का मुद्दा उठाया गया।

बारीडीह चौक दुर्गा पूजा मैदान में गिरे पेड़ को हटाने, नामदा बस्ती काली माता मंदिर और एक्सएन टाइप दुर्गा पूजा समिति, सिदगोड़ा क्षेत्र में ड्रेनेज को कवर करने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा अस्थायी स्ट्रीट लाइट लगाने, विसर्जन घाटों पर क्रेन की व्यवस्था करने, विसर्जन मार्ग में चल रहे निर्माण कार्यों को पूजा से पहले पूरा करने तथा पूजा स्थलों के समीप टाटा स्टील की भूमि पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करने का प्रस्ताव दिया गया।

केंद्रीय समिति को सभी कार्य समय पर पूरा करने का आश्वासन मिला। समिति के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष जमशेदपुर में पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर पूजा व्यवस्था देखने को मिलेगी। वहीं बर्मामाइंस गोलचक्कर पर यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए विस्तारीकरण का कार्य भी शुरू होने की जानकारी दी गई।

बैठक में केंद्रीय समिति के महामंत्री आशुतोष सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, वरीय उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह, उपाध्यक्ष अशोक सिन्हा, धर्मेंद्र प्रसाद, प्रमोद तिवारी, देवाशीष नाहा, अभिषेक कुमार, शोभिक ओझा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Comment