
Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-13 के पास रविवार रात विसर्जन जुलूस के दौरान रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान चापड़ से हमला किए जाने की सूचना है, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान जय कुमार यादव, सोनू यादव और कुंभ यादव के रूप में हुई है। जय कुमार के चेहरे पर चापड़ से चोट लगी है और उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। वहीं सोनू यादव और कुंभ यादव को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया है।
बताया गया कि काशीडीह से विसर्जन जुलूस गुजर रहा था। इसी दौरान शुभम नामक युवक ने जुलूस के आगे निकलने के लिए रास्ता मांगा। इसी बात को लेकर जुलूस में मौजूद कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद शुभम ने बस्ती के युवकों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में कई युवक मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान सौरभ पंचकुंडीय, रोहित और रिंकू समेत कुछ लोगों ने चापड़ से हमला कर दिया। घटना में तीन लोग घायल हो गए। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की भी सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर क्यूआरटी तैनात कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Crime: मानगो के मीना अपार्टमेंट में फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी, नकदी और सोने के जेवरात ले गए चोर

