
झरिया : झारखंड के धनबाद स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति की फल मंडी में रविवार को देर रात पिकअप वैन की चपेट में आने से 46 वर्षीय मजदूर दौलत तांती गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अन्य मजदूरों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मजदूर की मौत की खबर मिलते ही फल मंडी में साथी मजदूरों में आक्रोश फैल गया। सोमवार सुबह मजदूरों ने शव को मंडी के मुख्य गेट के पास रखकर मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर आवागमन रोक दिया। जाम के कारण मंडी के आसपास वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने मृतक के परिजन को उचित मुआवजा देने के साथ दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पिकअप वैन और उसके चालक का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की।
सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की। हालांकि, मजदूरों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि मुआवजे की व्यवस्था होने के बाद ही शव पुलिस को सौंपा जाएगा। साथी मजदूरों के अनुसार, दौलत तांती करीब 20 वर्षों से फल मंडी में मजदूरी कर रहा था।
मजदूरों ने बताया कि मंडी परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। फुटेज की जांच करने पर दुर्घटना में शामिल पिकअप वैन का नंबर और चालक की पहचान आसानी से हो सकती है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद मजदूरों से बातचीत कर उन्हें समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी कराने की कोशिश की गई। हालांकि, मजदूर मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
Read Also- Palamu Crime News: पिस्टल दिखाकर एनएच-39 पर बाइक लूटी, अपराधियों की तलाश

