Home » Khunti News : खूंटी के एक मकान में भीषण आग, छह कमरे जलकर राख; किरायेदारों को लाखों का नुकसान

Khunti News : खूंटी के एक मकान में भीषण आग, छह कमरे जलकर राख; किरायेदारों को लाखों का नुकसान

by Mujtaba Haider Rizvi
Khunti house fire six rooms burnt loss tenants
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Khunti : झारखंड के खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 12 स्थित खूंटी टोली में सोमवार को देर रात भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस आगजनी में एक मकान के छह कमरे पूरी तरह जल गए। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट होने की जताई जा रही है।

घटना रात करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि घर के छह कमरे पूरी तरह नष्ट हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को खबर दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

बताया जा रहा है कि मकान मालिक सहदेव महतो ने घर किराए पर दे रखा था, जहां कई परिवार रहते थे। आगजनी से किरायेदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। किरायेदार मुनिया देवी के अनुसार, उनकी करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई, जिसमें शादी के लिए खरीदे गए गहने, नकदी और जरूरी सामान शामिल हैं।

वहीं, दूसरे किरायेदार राजलो डुंगडुंग ने बताया कि समोसा और गुलगुला बेचकर जमा की गई उनकी पूरी पूंजी, जमीन के कागजात और घरेलू सामान भी आग में जल गए।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। वार्ड सदस्य अनिल कच्छप ने बताया कि पीड़ितों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। झामुमो छात्र मोर्चा के जिलाध्यक्ष कमलेश महतो ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच और शीघ्र सहायता की मांग की।

Read Aslso: Haatgamharia News: हाटगम्हरिया के बीडीओ सालकु हेम्ब्रम की आकस्मिक मौत, प्रखंड में पसरा मातम

Related Articles

Leave a Comment