
गिरिडीह : जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला इलाके में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता मिथिलेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग के बीचों-बीच उनका शव मिलने से क्षेत्र में कोहराम मच गया।
शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे जब एक व्यक्ति मार्निंग वॉक पर निकला था। उसकी नजर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ा युवक के शव पर गई। उसने तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जुट गई। मृतक के माथे पर गोली लगने के जख्म को देखकर साफ हो गया कि यह सुनियोजित हत्या है।
दुकान पर सोने जाने की बात कह निकले थे घर से
परिजनों ने बताया कि मिथिलेश हेसला गांव के रहने वाले थे और एनएच के पास ही अपनी सर्विस सेंटर चलाते थे। गुरुवार की देर रात वह अपनी मां को यह कहकर घर से निकले थे कि वह दुकान पर सोने जा रहे हैं। लेकिन सुबह उनका शव सड़क पर मिला। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि दुकान से निकलने के बाद वह किन लोगों से मिले और वहां तक कैसे पहुंचे।
घटना के बाद लोगों का फूटा गुस्सा
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मिथिलेश का शव सड़क पर रखकर एनएच जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग पर अड़े रहे।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बगोदर प्रमुख आशा महतो समेत कई स्थानीय नेता भी वहां पहुंचे और लोगों को समझाया। पुलिस ने घटनास्थल का मु मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही इस वारदात को अंजाम देने वाले शिकंजे में होंगे।
Read Also: Jamshedpur Flood: ओडिशा में खुले व्यांगबिल डैम के दो फाटक, बागबेड़ा में बाढ

