
Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित उडिपी रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमशेदपुर पुलिस ने इस मामले में चार कथित साजिशकर्ताओं को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतारामडेरा निवासी शंकर मुंडा, परसुडीह निवासी रमेश कुमार शर्मा उर्फ टीटू, मनोज कुमार सरकार और बिरसानगर निवासी दीपू कुमार ओझा के रूप में हुई है।
जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एतेशाम बकारिब ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गोलीबारी की इस घटना में डोमिनिक, रिजवान, दिलशान उर्फ दानिश और कृष्णा चौधरी घायल हुए थे। सभी घायलों का इलाज टीएमएच में चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से शूटर की हुई पहचान
एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने खोखा, पिलेट्स और खून के नमूने बरामद किए हैं। घटनास्थल के सीसीटीवी और अन्य वीडियो फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को गोली चलाने वाले शूटर की पहचान मोहन यादव के रूप में हुई है। उसके साथ अजीत मंडल के भी शामिल होने की बात सामने आई है। घटना में शामिल तीसरे व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, चारों साजिशकर्ताओं को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस गोली चलाने वाले शूटर मोहन यादव समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
रेलवे ठेकेदारी और जमीन कारोबार का विवाद
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गोलीबारी की घटना के पीछे रेलवे की ठेकेदारी और जमीन कारोबार से जुड़ा विवाद था। पूर्व में जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर उत्पन्न आपसी रंजिश के बाद चारों आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर इस घटना को अंजाम दिलाने की साजिश रची थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अर्टिगा कार और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, सीतारामडेरा निवासी शंकर मुंडा के खिलाफ सिदगोड़ा, डुमरिया और टाटानगर रेल थाना में कुल छह मामले दर्ज हैं। वहीं परसुडीह खासमहल निवासी रमेश कुमार शर्मा उर्फ गुड्डू शर्मा, टीटू शर्मा और अमित शर्मा के खिलाफ 13 मामले दर्ज बताए गए हैं।
परसुडीह के प्रमथनगर निवासी मनोज कुमार सरकार के खिलाफ सात मामले और बिरसानगर निवासी दीपू कुमार ओझा के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ गोलीबारी की घटना में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
शूटरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मुख्य प्रयास गोली चलाने वाले शूटरों को गिरफ्तार करना है। इसके लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

