
Jamshedpur : 734 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रांची टीम ने बुधवार सुबह झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक साथ छापेमारी शुरू की। ईडी की कार्रवाई जमशेदपुर के तीन और कोलकाता के दो ठिकाने पर चल रही है। बबलू जायसवाल के बिष्टुपुर के एन रोड स्थित बीएस टॉवर स्थित घर और दफ्तर के अलावा आदित्यपुर स्थित फैक्ट्री पर रेड की जा रही है। बबलू जायसवाल को ईडी ने समन जारी किया था और कुछ बिंदुओं पर जवाब मांगा था। जो जवाब बबलू ने दिया था उससे ईडी संतुष्ट नहीं है। इसी के चलते यह रेड की गई है। बबलू जायसवाल के कंपनी के दस्तावेजों के अलावा कंप्यूटर और लैपटॉप खंगाले जा रहे हैं। इस मामले में बबलू जायसवाल को पहले भी जेल भेजा जा चुका है। वह जमानत पर जेल से बाहर है।
यह मामला पूर्व में गिरफ्तार किए गए कोलकाता के कारोबारी शिव कुमार देवड़ा और अन्य लोगों से जुड़ा बताया जा रहा है। ईडी की टीम जिन ठिकानों पर जांच कर रही है, वे ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल, उनके अकाउंटेंट संजय पारेख और अन्य संबंधित लोगों से जुड़े बताए गए हैं।

jamshedpur ed raid
जांच के दौरान ईडी को पता चला था कि ज्ञान चंद जायसवाल ने कथित तौर पर वास्तविक सामान की आपूर्ति किए बिना ऐसी कंपनियों से इनवाइस हासिल किए, जिनका अस्तित्व ही नहीं था। इन फर्जी इनवाइस के आधार पर कथित रूप से नकली जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाया गया। ईडी की टीम दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद जांच एजेंसी की ओर से आगे की जानकारी मिलने की संभावना है।
Read also Jamshedpur News : टाटा स्टील को सीएसआर और सस्टेनेबिलिटी में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार

