
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और बाइक से फरार हो गए। घटना बाल विहार, कुंज नगर स्थित काली मंदिर के पास की बताई जा रही है।
गौरतलब है कि दो बाइक सवार उचक्कों ने महिला को निशाना बनाया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बदमाश उसके गले से सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार बाइक से भाग निकले। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद सोनारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।

