
Jamshedpur : बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित मोहरदा नदी किनारे मिले अज्ञात शव की पुलिस ने शिनाख्त कर ली है। मृतक की पहचान बागुनहातु निवासी विशाल सांडिल के रूप में हुई है। पहचान की पुष्टि होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने विशाल की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है।
मोहरदा नदी में तैरता मिला था शव
दरअसल, 28 सितंबर 2026 को स्थानीय ग्रामीणों ने मोहरदा नदी के वाटर सप्लाई इंटेक वेल के पास पानी में एक युवक का शव तैरता देखा था। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बिरसानगर थाना पुलिस को दी।
गोताखोरों की मदद से नदी से निकाला शव
सूचना मिलने के बाद बिरसानगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। शव काफी गल चुका था और उसके पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला था। इस वजह से तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शीतगृह भेज दिया था। साथ ही जिले के विभिन्न थानों को सूचना देकर मृतक की पहचान कराने की कोशिश शुरू की गई थी।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पुलिस की जांच और लगातार किए गए प्रयासों के बाद शव की पहचान विशाल सांडिल के रूप में हुई। पहचान की जानकारी मिलते ही उसके परिजनों को सूचना दी गई। परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने विशाल की मौत को सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विशाल की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

