Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालन, आपूर्ति प्रणाली और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे निर्धारित मानकों के तहत पारदर्शी और नियमित रूप से एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बाजार में गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों और कालाबाजारी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में एजेंसियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली विकसित करने और हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शिता बनाए रखने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करने पर जोर दिया गया।उपायुक्त ने चेतावनी दी कि यदि किसी एजेंसी द्वारा कृत्रिम अभाव पैदा किया जाता है, निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूली जाती है या वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत होने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी मोजाहिद अंसारी, एडीएम (एसओआर) राहुल जी आनंद समेत कई गैस एजेंसी संचालक मौजूद रहे
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
* हिन्दुस्तान पेट्रोलियम / इंडियन ऑयल: 1800-2333-555
* भारत पेट्रोलियम: 1800-22-4344

