
Seraikela : जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बुधवार को चांडिल क्षेत्र के पाटा टोल प्लाजा के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य शमाद के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के किनारे और नो-पार्किंग जोन में अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 41,800 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख सड़कों पर अनधिकृत तरीके से वाहन खड़ा करने से बचें। खासकर भारी वाहनों के चालकों को निर्धारित और सुरक्षित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है।
जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट लगाने, सुरक्षित तरीके से ओवरटेक करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के प्रति भी जागरूक किया गया। प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
पाटा टोल प्लाजा के पास नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई हुई, 41,800 रुपये जुर्माना वसूला गया और वाहन चालकों को जागरूक किया गया

