Jamshedpur : पोटका क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की निगरानी को लेकर पोटका के विधायक संजीव सरदार लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार को हाता बिरसा चौक स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का औचक निरीक्षण किया। यह परियोजना झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा करीब 4.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद संवेदक हरि ओम कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि को कई जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य की गुणवत्ता और तय समय सीमा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निर्माण कार्य में मिली खामियां, तत्काल सुधार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि परियोजना के तहत बन रही 40 दुकानों का निर्माण लगभग अंतिम चरण में है और शटर लगाने का काम चल रहा है। हालांकि कई जगहों पर शटर गलत तरीके से लगाए जा रहे थे, जिस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार का निर्देश दिया। इसके अलावा छत के कुछ हिस्सों में पानी जमा होने की समस्या भी पाई गई। विधायक ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित लोगों को जल्द से जल्द इसे ठीक करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में कोई परेशानी न हो।
गुणवत्ता और समय सीमा पर विधायक का सख्त रुख
निरीक्षण के बाद विधायक संजीव सरदार ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और जहां भी खामियां मिलेंगी, वहां तुरंत सुधार कराया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर निर्देशों के बावजूद कार्य में सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित एजेंसियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read also Jamshedpur Crime: परसुडीह में साइबर ठगों ने टाटा मोटर्स कर्मचारी के खाते से उड़ाए 80 हजार

