
रांची : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाये हैं। शनिवार को हुई फायरिंग में डोमिनिक सैमसन, मो. रिजवान, मो. दिलशाद और कृष्णा चौधरी घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार घटना में करीब 11 राउंड गोलियां चलीं और मामले की जांच के लिए एसआइटी गठित की गयी है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जमशेदपुर की घटना ने राज्य में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। उन्होंने पुलिस के शीर्ष पदों पर नियुक्ति और अधिकारियों को दिये जा रहे अतिरिक्त प्रभार को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पदस्थापन में योग्यता और जवाबदेही के बजाय सत्ता से निकटता को महत्व दिया जा रहा है। कुछ अधिकारियों के पास कई महत्वपूर्ण प्रभार होने और सक्षम अधिकारियों को किनारे रखे जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने अतिरिक्त प्रभार का आधार सार्वजनिक करने की मांग की।
मरांडी ने कुछ पुलिस अधिकारियों से जुड़ी कोयला तस्करी और अवैध कमाई की शिकायतों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग भी की। उन्होंने सीआइडी की महत्वपूर्ण जांचों में वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका तय करने और जांचवार अधिकारियों की नियुक्ति सार्वजनिक करने को कहा।
उन्होंने कहा कि गोली चलने के बाद अधिकारियों को घटनास्थल भेजना ही शासन नहीं है। अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ उन्हें संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। पुलिस व्यवस्था में योग्यता, ईमानदारी और जवाबदेही को प्राथमिकता मिले, तभी आम लोगों का भरोसा मजबूत होगा।

