
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध अखायशिला पर्यटन स्थल पर रविवार को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर एक विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। यह पहल सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन के जवानों और स्थानीय ग्रामीणों के साझा प्रयास से पूरी हुई। अभियान के तहत पूरे परिसर में बिखरे कचरे और प्लास्टिक को चुनकर हटाया गया और स्थल की पूरी तरह से सफाई की गई। इसके साथ ही वहां मौजूद लोगों को पर्यावरण सुरक्षा और स्वच्छता का महत्व भी समझाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 134 बटालियन के कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह ने कहा कि किसी भी पर्यटन क्षेत्र की सुंदरता और पवित्रता बनाए रखना समाज के हर नागरिक का कर्तव्य है। साफ-सुथरे और प्रदूषण रहित स्थान ही पर्यटकों को अपनी ओर खींचते हैं, जिससे क्षेत्र को एक नई पहचान मिलती है।
पर्यटन का विस्तार होने से खुलेंगे स्वरोजगार के नए रास्ते
कमांडेंट सिंह ने गांव के लोगों से आग्रह किया कि वे पर्यटन स्थलों पर गंदगी न फैलाएं और प्रकृति को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दें। कमांडेंट ने आगे कहा कि जब क्षेत्र में पर्यटन का विस्तार होगा, तो स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।
सफाई अभियान में शामिल अन्य
इस सफाई अभियान में सीआरपीएफ के डॉ. कुंदन कुमार, सहायक कमांडेंट सुधीर कुमार, स्थानीय मुखिया रानी गुड़िया सहित बटालियन के कई जवान और भारी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

