
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत केरवाडुंगरी पंचायत के चांगिरा गांव में सीएमसी चांगिरा की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न गांवों की 48 टीमों ने हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के साथ खेलप्रेमी भी प्रतियोगिता देखने पहुंचे।
कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों की भी सराहना की।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच देती हैं। फुटबॉल जैसे लोकप्रिय खेलों के आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण इलाकों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सिदो-कान्हू युवा खेल क्लब योजना के माध्यम से काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य गांवों में ही युवाओं को खेल के लिए बेहतर माहौल और अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि प्रतिभावान खिलाड़ी प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
संजीव सरदार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले फुटबॉल टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे गांवों में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान धनपति सिंह, अजय कुमार समेत आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों ने विधायक संजीव सरदार के पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पर आभार जताया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और स्थानीय खेलप्रेमियों में काफी उत्साह देखा गया।

