
Jamshedpur : जमशेदपुर में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के तिलक नगर स्थित बागुनहातु छठ घाट के पास नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया। माना जा रहा है कि युवक की हत्या कर शव वहां फेंका गया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था और सड़-गल चुका है। घटना की सूचना तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है ताकि शव की शिनाख्त की जा सके।
सिदगोड़ा थाना पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
Read also – Jamshedpur Crime: सिदगोड़ा सूर्य मंदिर के पास मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन झपटी, बदमाश फरार

