
Jamshedpur : शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर परिसर के पास का है, जहां रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से अज्ञात बदमाश ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया।
गौरतलब है कि पीड़िता रीना मिश्रा सुबह टहलने के लिए सूर्य मंदिर क्षेत्र में गई थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार एक अज्ञात युवक पीछे से आया और पहले उन्हें थप्पड़ मार दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, आरोपी उनके गले से सोने की चेन छीनकर तेज गति से मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद रीना मिश्रा ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था। इसके बाद उन्होंने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर अज्ञात अपराधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी इलाके में पुलिस ने चेन स्नेचिंग के एक कुख्यात आरोपी को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया था। इसके बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक पिछले दो महीनों में शहर में 25 से अधिक महिलाएं चेन स्नेचिंग की घटनाओं का शिकार हो चुकी हैं।
लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चेन स्नेचिंग में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Read also – चाकुलिया में दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर के बाद लगी आग, चालक बाल-बाल बचे

