
रांची : राजधानी के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के मेडिसिन आईसीयू से तड़के एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इलाज के लिए लाया गया पाकुड़ का एक बंदी सुरक्षाकर्मियों को झांसा देकर अस्पताल से भाग निकला। घटना तड़के लगभग चार बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद से ही अस्पताल परिसर और पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
कैदी की पहचान 45 वर्षीय हाथिया हेंब्रम के रूप में हुई है। दिमाग से जुड़ी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए उसे 20 सितंबर को पाकुड़ से रांची लाकर रिम्स के मेडिसिन आईसीयू में भर्ती कराया गया था।डॉक्टर ऋषि गुड़िया की देखरेख में उसका उपचार चल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, भोर में हाथिया ने तैनात सुरक्षाकर्मियों से बाथरूम जाने की बात कही। जवानों की ढिलाई का फायदा उठाते हुए वह चकमा देकर चुपचाप आईसीयू से बाहर निकल गया और गायब हो गया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा, तब सुरक्षा में लगे जवानों के हाथ-पांव फूल गए।
मामले की भनक लगते ही रिम्स के अधीक्षक डॉ. हीरेंद्र बिरुआ खुद मेडिसिन आईसीयू पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस बड़ी लापरवाही को लेकर अस्पताल प्रशासन ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवानों से कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की पूरी जानकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन को दे दी गई है।
फिलहाल रिम्स परिसर के आसपास के इलाकों को खंगाला जा रहा है और पुलिस टीम अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों के जरिए फरार कैदी का सुराग लगाने की कोशिश में जुटी है।
Read Also: RIMS: एमबीबीएस में एडमिशन शुरू, ऑल इंडिया कोटा काउंसलिंग का शेड्यूल भी जारी

