
जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती प्रवाह की वजह से जमशेदपुर में पिछले तीन दिनों से लगातार रूक रूक कर बारिश हो रही है। जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। इसकी वजह से मौसम सुहावना बना रहा और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), रांची केंद्र द्वारा गुरूवार को जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार, जमशेदपुर में सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक कुल 17.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम होकर 28.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। पिछले 24 घंटों के मुकाबले इसमें 0.3 डिग्री की कमी आई है। वहीं शहर का न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
पूर्वी सिंहभूम जिले के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिला। जिले के बहरागोड़ा एडब्ल्यूएस केंद्र पर राज्य में सबसे अधिक 43.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि वहां का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा दारीसाई केंद्र पर 21.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दिनभर ठंडी हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश ने शहरवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी घंटों में भी हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।
आज से कम होगी बारिश की रफ्तार
मौसम केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा तथा मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है। लेकिन चक्रवात को जो असर है अब कम होगा और इसका असर शुक्रवार से ही देखने को मिलेगा तथा बारिश की रफ्तार थमेगी। वहीं अगले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, जिसके बाद धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
25 सितंबर: राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।25 सितंबर को हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
26 से 28 सितंबर: राज्य के कुछ स्थानों पर वर्षा का दौर जारी रहेगा। 26 व 27 सितंबर को 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
चांडिल डैम का जलस्तर 181.10 मीटर, 8 रेडियल गेट खोले गए
लगातार बारिश के चलते खरकई और स्वर्णरेखा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। आदित्यपुर ब्रिज के पास खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान (129.00 मीटर) के बेहद करीब 128.69 मीटर तक पहुंच गया है। खरकई नदी खतरे के निशान के पास बह रही है। वहीं, मानगो ब्रिज के पास स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 119.32 मीटर दर्ज किया गया, जबकि इसका डेंजर लेवल 121.50 मीटर है।
जलस्तर नियंत्रित करने के लिए चांडिल डैम से 1574.38 क्यूमेक और गालूडीह बराज से 1571.96 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसका जल स्तर 181.10 मीटर पहुंच गया है और इसके 8 रेडियल गेट खोले गए हैं। इसके अलावा गांजिया बराज के तीन गेट पूरी तरह खोलकर 599.59 क्यूमेक पानी बहाया जा रहा है। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है।
Read Also: Jamshedpur News : टाटा वर्कर्स यूनियन कर्मचारियों को 17.5% बोनस, 28 कर्मचारी होंगे लाभान्वित

