
Jamshedpur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार रात गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में अब्दुल जाफर नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि गोली उसके सिर में लगी है। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, अब्दुल जाफर, इमरान का छोटा भाई है। घटना के बाद बस्ती में तनाव का माहौल बन गया। हालांकि घायल युवक की वर्तमान स्थिति को लेकर अस्पताल की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस के पहुंचने के बाद फायरिंग का आरोप
घटना को लेकर आजहर और कलीम नामक दो युवकों पर अब्दुल जाफर को गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही फायरिंग में दोनों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात आजहर और कलीम मुस्लिम बस्ती में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस के वहां पहुंचने पर दोनों को शक हुआ कि अब्दुल जाफर ने ही पुलिस को उनके वहां होने की जानकारी दी है। इसी संदेह में दोनों ने कथित तौर पर अब्दुल पर गोली चला दी।
बताया जा रहा है कि आजहर और कलीम का संबंध कादिम और डॉली परवीन गिरोह से है। हालांकि इस संबंध में भी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
भीड़ ने घेरा, पुलिस के पहुंचते ही फरार
गोली चलने के बाद स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर दोनों युवकों को घेर लिया। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दोनों मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में उनके एक सहयोगी को हिरासत में लिया है।
फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आदित्यपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फरार युवकों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आपसी विवाद और घटना के पीछे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।

