Home » Dhanbad News : धनबाद के मरिचो में गजराजों ने धान की फसल रौंदी, घर भी तोड़ा

Dhanbad News : धनबाद के मरिचो में गजराजों ने धान की फसल रौंदी, घर भी तोड़ा

दो दर्जन से अधिक हाथियों के झुंड से ग्रामीणों में दहशत, मशाल-ढोल लेकर रातभर करते रहे रतजगा

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की मरिचो पंचायत के भोलमारा गांव में शनिवार देर शाम हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। दो दर्जन से अधिक हाथियों के अचानक गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथियों ने खेतों में लगी धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। इसके बाद झुंड गांव में घुस गया और मरिचो पंचायत के पूर्व मुखिया प्रभु झांझी के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

हाथियों के गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोग मशाल और टॉर्च लेकर तथा ढोल-नगाड़े बजाकर हाथियों को गांव से बाहर खदेड़ने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद हाथियों का झुंड जंगल की ओर चला गया, लेकिन गांव से सटे जंगल में हाथियों के मौजूद रहने के कारण ग्रामीणों की चिंता अभी भी बनी हुई है।

ग्रामीण जान-माल की सुरक्षा के लिए रातभर रतजगा कर रहे हैं। लोग समूह बनाकर गांव की निगरानी कर रहे हैं और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के दोबारा गांव में आने की आशंका बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों से हुए नुकसान का जायजा लिया। किसानों ने धान की फसल और घर को हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है।

धनबाद के डीएफओ विकास पालीवाल ने बताया कि पिछले करीब 10 दिनों से हाथियों का झुंड गिरिडीह और धनबाद के जंगलों में विचरण कर रहा है। शुक्रवार को करीब 30 हाथी टुंडी के जामकोल बांधडीह पहाड़ क्षेत्र में पहुंचे थे। शनिवार को यही झुंड बरवाअड्डा क्षेत्र के मरिचो पहुंच गया।

डीएफओ ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों से हाथियों से दूरी बनाए रखने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई है। हाथियों के कारण हुए नुकसान का नियमानुसार मुआवजा देने की बात भी कही गई है।

Read also – Jamshedpur Firing : बिंदल मॉल फायरिंग की जांच में जमीन कारोबार का एंगल, डोबो-सोनारी में वर्चस्व की लड़ाई पर पुलिस की नजर

Related Articles

Leave a Comment