Home » Ranchi Accident: बेपरवाह कार ने छीनी बुजुर्ग फेरीवाले की जिंदगी, फूटा परिजनों का गुस्सा, सड़क जाम

Ranchi Accident: बेपरवाह कार ने छीनी बुजुर्ग फेरीवाले की जिंदगी, फूटा परिजनों का गुस्सा, सड़क जाम

​अशोक नगर गेट-2 के पास खौफनाक हादसा, ​ मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को ले सड़क पर उतरे, हटिया डीएसपी के आश्वासन के बाद खुला सड़क जाम

by Kanchan Kumar
Ranchi Road Accident
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​रांची : रात के अंधेरे में सड़क पर सरपट दौड़ती तेज रफ्तार कार ने एक मेहनतकश परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। दिनभर मेहनत कर घर लौट रहे एक बुजुर्ग को बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक घायल को तड़पता छोड़कर गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। अस्पताल ले जाने से पहले ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। शनिवार को लोगों ने सड़क जाम कर दिया।

​रोजी-रोटी कमाकर घर लौट रहे थे बुजुर्ग

घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर में फेरी लगाकर अपना और अपने परिवार का पेट पालने वाले बुजुर्ग राजकुमार प्रसाद अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अशोक नगर गेट नंबर-2 के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रही सफेद और ग्रे रंग की एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजकुमार प्रसाद सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

​सड़क पर शव रख 3 घंटे तक जोरदार प्रदर्शन

शनिवार की सुबह हादसे की खबर फैलते ही इलाके में मातम और आक्रोश फैल गया। इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने दुर्घटनास्थल पर ही शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक अशोक नगर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप रहा। प्रदर्शनकारी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। लोग आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे।

​पुलिस ने कार की पहचान की, गिरफ्तारी की कवायद तेज

सड़क जाम और बढ़ते तनाव की सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी नीरज और जिला प्रशासन की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों और परिजनों से बातचीत की और निष्पक्ष कार्रवाई का ठोस भरोसा दिलाया। डीएसपी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने शांत होकर जाम हटाया।

​हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के फुटेज और सुरागों की मदद से बुजुर्ग को कुचलने वाली कार की पहचान कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीम आरोपी चालक की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

 Read Also: Ranchi Rain: पानी में डूबी किसानों की मेहनत, फसल की जड़ों तक पहुंची सड़न; बाजार में महंगी हुईं सब्जियां, बिगड़ा घरों का बजट

Related Articles

Leave a Comment