
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम स्थित मंझारी प्रखंड के गितिलपी मंडाएसाईं टोला में शनिवार तड़के जंगली भालू ने हमला बोलकर एक युवक को बुरी तरह जख्मी कर दिया। पीड़ित 33 वर्षीय पंदडू दोहरा तड़के लगभग 5:30 बजे शौच के लिए निकला था। घर से कुछ ही दूर झाड़ियों में घात लगाए भालू ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया और अपने तीखे पंजों से चेहरे व शरीर को लहूलुहान कर दिया।
युवक की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, जिससे घबराकर भालू जंगल की ओर चंपत हो गया। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल मौके पर पहुंचे और बिना देर किए अपनी निजी गाड़ी से घायल को इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल ले गए।
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है, हालांकि उसे अभी कुछ दिनों तक मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा।
गांव में दहशत, जनप्रतिनिधि ने जताई चिंता
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में खौफ का माहौल है। जिप सदस्य माधव चंद्र कुंकल ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने अपील की है कि भोर के वक्त या अंधेरे में अकेले निकलने के बजाय समूह में जाएं और साथ में टॉर्च व लाठी जरूर रखें।
कुंकल ने बताया कि फसलों की कटाई के दिनों में हाथियों और भालुओं का गांवों की तरफ आना बढ़ जाता है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल संज्ञान लेते हुए सीमावर्ती ग्रामीण इलाकों में गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है।
Read Also Chaibasa accident news : बाइक और टोटो में भिड़ंत, 20 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम, तीन गंभीर

