
Jamshedpur : गोलमुरी बाजार में लगातार हो रही चोरी और कैनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई बड़ी डकैती के विरोध में शनिवार को बाजार बंद रहा। गोलमुरी बाजार समिति के आह्वान पर दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखकर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति नाराजगी जताई। दुकानदारों के साथ ही नेता भी सड़क पर उतर गए हैं। इनमें भाजपा और अन्य पार्टी के नेता शामिल हैं। सभी की मांग है कि जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाया जाए। इन दिनों शहर में अपराधियों का बोलबाला है। हर तरफ, डकैती, चोरी और लूट की घटनाएं हो रही हैं।
गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक में हुई डकैती में अपराधी करीब 23 किलो 800 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 36 करोड़ रुपये, और 43 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

गोलमुरी में पुलिस गश्त
व्यापारियों के आक्रोश को उस समय और बल मिला, जब बैंक डकैती के कुछ घंटे बाद ही गोलमुरी बाजार की एक ज्वेलरी दुकान में चोरी हो गई। बताया गया कि चोर वेंटिलेटर काटकर दुकान में दाखिल हुए और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। बाजार में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

गोलमुरी पहुंचे नेता
बाजार बंद के दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए। व्यापारियों ने कहा कि दिनदहाड़े बैंक डकैती और उसके बाद ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना से कारोबारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। बाजार समिति के आह्वान पर हुए बंद के दौरान व्यापारियों के बीच सुरक्षा और लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर चर्चा होती रही। व्यापारियों ने कहा कि वे सुरक्षित माहौल में कारोबार करना चाहते हैं और इसके लिए पुलिस प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए।
Read also Jamshedpur News: बारीडीही में मछली पकड़ने गए दो युवक नदी में बहे, तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में देरी

