Home » Jamshedpur Accident : टाटानगर स्टेशन के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत

Jamshedpur Accident : टाटानगर स्टेशन के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत

चाईबासा बस स्टैंड के पास हादसा, 25 वर्षीय कल्लू यादव की गई जान ; चालक फरार, ट्रेलर जब्त

by Mujtaba Haider Rizvi
dead body
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन के चाईबासा बस स्टैंड के सामने शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से 25 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसा रात करीब एक बजे बागबेड़ा थाना क्षेत्र में स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर हुआ।

जानकारी के मुताबिक हाता की ओर से आ रहा ट्रेलर संख्या NL01AD-8913 सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मारते हुए उसके ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय नगर निवासी कल्लू यादव (25) के रूप में हुई है।

कल्लू स्टेशन क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। बताया गया है कि उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में वह अपने दो भाइयों और एक बहन का सहारा था। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

पुलिस ने ट्रेलर किया जब्त

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बागबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। वाहन पर पन्नू कार्गो मूवर्स लिखा हुआ है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

स्टेशन से हाता की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की रफ्तार और यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

गुरुवार को मरीन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत के बाद अगले ही दिन स्टेशन मुख्य सड़क पर एक और युवक की जान चली गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात के समय भारी वाहनों की गति पर निगरानी रखने, यातायात नियमों का पालन कराने और संवेदनशील स्थानों पर नियमित चेकिंग की मांग की है।

Read also – गोलमुरी केनरा बैंक के पांचों डकैतों पर पुलिस ने घोषित किया इनाम, जल्द जारी होंगी तस्वीरें, बिहार और यूपी में चल रही दबिश

Related Articles

Leave a Comment