
चाईबासा : सेल (SAIL) के गुवा माइंस प्रबंधन और संयुक्त मजदूर यूनियनों के बीच एक महत्वपूर्ण वार्ता संपन्न हुई। इस द्विपक्षीय बैठक में कर्मचारियों के कल्याण और स्थानीय क्षेत्र के विकास से जुड़ी कुल 15 सूत्री मांगों पर प्रबंधन ने अपनी सहमति जताते हुए उन्हें शीघ्र धरातल पर उतारने का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार
बैठक के दौरान चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। तय किया गया कि आपात स्थिति में गुवा के मरीजों को बिना किसी बाधा के नोवामुंडी अस्पताल अथवा अन्य उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, गुवा अस्पताल में सीटी स्कैन एवं अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा अत्याधुनिक उपकरणों से लैस एक नई एंबुलेंस भी प्रदान की जाएगी।

शिक्षा, सफाई और रोजगार पर जोर
क्षेत्रीय विकास के तहत गुवा मिडिल स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए ‘एडॉप्ट टीचर’ योजना के तहत त्वरित नियुक्तियां की जाएंगी। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए सफाईकर्मियों की भर्ती की जाएगी। वहीं, गुवा गांव के स्थानीय डिप्लोमा धारक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने पर भी सहमति बनी।
कर्मचारी आवास और परिवहन सुविधाएं
कर्मियों के आवागमन को सुलभ बनाने के उद्देश्य से बेड़े में तीन नई बसें शामिल की जाएंगी। आवासीय कॉलोनियों में मरम्मत कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा, जिसके अंतर्गत पुराने क्वार्टरों में नए दरवाजे, खिड़कियां, टाइल्स, फॉल्स सीलिंग, पेंटिंग और नई इलेक्ट्रिकल वायरिंग का काम कराया जाएगा। इसके अलावा, सेवानिवृत्ति के पश्चात आवास खाली न करने के कारण रोके गए भत्तों के त्वरित भुगतान का भी निर्णय लिया गया।
ठेका मजदूरों और अन्य व्यवस्थाओं पर फैसले
* भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल पर शेड का निर्माण कराया जाएगा।
* इलेक्ट्रिकल विभाग में रात्रिकालीन पाली (नाइट शिफ्ट) पुन: शुरू होगी।
* ठेका मजदूरों को उनकी योग्यता व कार्य के अनुसार सही ग्रेड दिया जाएगा।
* समस्त ठेका कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से नियुक्ति पत्र (जॉइनिंग लेटर) तथा मासिक पे-स्लिप दी जाएगी।
* नियमों की अनदेखी करने वाले संवेदकों (ठेकेदारों) पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह प्रतिनिधि रहे मौजूद
प्रबंधन की ओर से कार्यपालक निदेशक,सीजीएम चंद्रभूषण कुमार, सीजीएम (एचआर) डी. सतपति, महाप्रबंधक (एचआर) प्रवीण कुमार सिंह तथा मुख्य चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार अमन ने वार्ता में भाग लिया। यूनियन पक्ष का प्रतिनिधित्व झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, सिकंदर पान; बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के विश्वजीत तांती, जय सिंह नायक, तूफान घोष; सारंडा मजदूर यूनियन के निर्मलजीत सिंह; सप्लाई मजदूर संघ के राजेश कोड़ा और झारखंड मजदूर मोर्चा यूनियन के पंचम जॉर्ज सोय सहित अन्य श्रमिक नेताओं ने किया।

