
Ghatshila : चक्रवाती तूफान अर्णव के प्रभाव से घाटशिला अनुमंडल में पिछले चार दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अनुमंडल की नदियां, नाले और जलाशय उफान पर हैं। सबसे गंभीर स्थिति बुरुडीह डैम की बनी हुई है, जहां जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है और डैम का पानी ओवरफ्लो होकर बह रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
बुरुडीह डैम से पानी ओवरफ्लो होने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष भी डैम के ओवरफ्लो होने के कारण आसपास के क्षेत्रों में पानी फैल गया था, जिससे कई जगहों पर बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ खेतों में लगी फसलों को भी भारी नुकसान हुआ था। इस वर्ष एक बार फिर डैम के ओवरफ्लो होने से ग्रामीणों को पिछले नुकसान की पुनरावृत्ति की आशंका सताने लगी है।
लगातार बारिश के कारण बुरुडीह डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ा और पानी निर्धारित सीमा को पार कर ओवरफ्लो होने लगा। इससे आसपास के निचले क्षेत्रों में जलजमाव और जलभराव का खतरा बढ़ गया है। खेतों में पानी पहुंचने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इधर, सुवर्णरेखा नदी भी खतरे के निशान को पार कर उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण गालूडीह बराज के 12 फाटक खोल दिए गए हैं। नदी किनारे के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन की ओर से मछुआरों को नदी में नहीं जाने की अपील भी की गई है।
गालूडीह बराज के ऊपरी हिस्से तक सुवर्णरेखा का पानी पहुंचने से निचले इलाकों में पानी घुसने का खतरा बना हुआ है। वहीं चांडिल डैम से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
भारी बारिश के कारण घाटशिला के कई शहरी इलाकों में भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एलआईसी कॉलोनी, पाल कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर घरों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है।
वहीं, तेज बारिश और जलजमाव के बीच कई जगहों पर बिजली के ट्रांसफॉर्मर गिरने से दर्जनों गांवों में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। लगातार बारिश के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बुरुडीह डैम के ओवरफ्लो होने की स्थिति में प्रशासन को निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। फिलहाल लगातार बारिश और जलाशयों के बढ़ते जलस्तर ने पूरे घाटशिला अनुमंडल में चिंता बढ़ा दी है।
Read Also Ghatshila Education: सोना देवी विश्वविद्यालय में शोधार्थियों के लिए रिसर्च वर्कशॉप आयोजित

