
खूंटी : जिले में कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने और सुरक्षा घेरे को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस कप्तान ने एक साथ बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। खूंटी जिले में महकमे की कार्यशैली को दुरुस्त करने के मकसद से अफसरों से लेकर निचले स्तर के जवानों तक का व्यापक तबादला कर दिया गया है।
एसपी कार्यालय से जारी इस ताजा फरमान के तहत कुल 276 पुलिस अधिकारियों व जवानों की नई तैनाती तय की गई है।
थानेदारों और निरीक्षकों का बदला ठिकाना
एसपी की इस बड़ी कार्रवाई में कई प्रमुख थानों और सर्किलों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में सौंपी गई है।
पुलिस केंद्र में तैनात इंस्पेक्टर बाबू बंशी साव को खूंटी का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
परशुराम पासवान को तोरपा अंचल और अनिल उरांव को खूंटी अंचल का नया पुलिस निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
थाना स्तर पर नई तैनाती
सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह को मुरहू थाना और जय कुमार को खूंटी थाना भेजा गया है। वहीं एएसआई लालजी यादव को तोरपा, अमित भूषण कुजूर को तपकारा और किरीटी भूषण महतो को मुरहू थाने में नई जिम्मेदारी मिली है। महिला एएसआई मंजु लकड़ा को खूंटी थाने से हटाकर हिंदी शाखा भेजा गया है।
247 हवलदार व जवान भी इधर से उधर
केवल अधिकारियों ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर मुस्तैद रहने वाले जवानों की भी भारी फेरबदल की गई है। जिला बल के 247 हवलदारों और आरक्षियों (कॉन्स्टेबल) का नया पदस्थापन किया गया है। इन्हें खूंटी, तोरपा, कर्रा, रनिया, तपकारा और जरियागढ़ थानों के रिजर्व गार्ड, उप-कारा, कोर्ट सुरक्षा, लोधमा पिकेट और वीआईपी आवासों की सुरक्षा में मुस्तैद किया गया है।
24 घंटे में चार्ज लेने का अल्टीमेटम
एसपी ने तबादले की जद में आए सभी 276 पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए हैं। आदेश जारी होने के 24 घंटे के भीतर सभी अधिकारियों और जवानों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देना अनिवार्य होगा और इसकी अनुपालन रिपोर्ट तुरंत एसपी दफ्तर को भेजनी होगी।

