
रांची : बैंकिंग क्षेत्र के बदलते माहौल और कर्मचारियों के सामने खड़ी नई चुनौतियों के बीच झारखंड ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ ने आगामी तीन वर्षों के लिए अपने संगठन की दिशा और कमान तय कर ली है। संघ के तृतीय त्रिवार्षिक अधिवेशन में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए अनुभवी कंधों पर संगठन को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस चुनाव में सतीश तिग्गा को संघ का नया अध्यक्ष चुना गया है, जबकि नितेश कुमार मिश्रा पर दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार दूसरी बार महासचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है।
दीप प्रज्वलन से हुई हुंकार की शुरुआत
अधिवेशन का आगाज पूरे संगठनात्मक उत्साह और अनुशासन के साथ हुआ। महासचिव नितेश कुमार मिश्रा द्वारा संघ का ध्वजारोहण कर और पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। राज्य के अलग-अलग कोनों से पहुंचे बैंक कर्मियों और प्रतिनिधियों ने एक सुर में कर्मचारियों के सेवा हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी एकजुटता दोहराई।
हर क्षेत्र से चुने गए समर्पित पदाधिकारी
अधिवेशन के मुख्य पड़ाव यानी चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शी तरीके से नई कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया। उपाध्यक्ष पद के लिए रांची से उज्ज्वल कुमार मुखर्जी, सिंहभूम से अमित कुमार झा, गुमला से बबलू कुमार, पलामू से नवीन कुमार, हजारीबाग से शितांशु अक्षय मरांडी, गिरिडीह से सुभाष चंद्र, देवघर से नीरज कुमार और गोड्डा से सर्वोत्तम ठाकुर को जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं उप महासचिव पद का जिम्मा मुकेश कुमार झा व रंजीत कुमार को और संगठन सचिव की कमान सुकुमार महतो व रिजवाना फिरदौस को दी गई है। इसके अलावा क्षेत्रीय सचिवों के रूप में रांची से अमित कुमार, सिंहभूम से राहुल कुमार तिवारी, गुमला से नवीन कुमार, पलामू से जय प्रकाश पासवान, हजारीबाग से कुमार आशुतोष, गिरिडीह से गौतम कुमार, देवघर से बिश्वनाथ महतो तथा गोड्डा से सिनू कुमारी को चुना गया।
दूसरी बार चुना जाना बड़ी जवाबदेही
पुनः महासचिव चुने जाने पर नितेश कुमार मिश्रा ने सभी सदस्यों व प्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि यह विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आगामी तीन वर्षों में बैंक कर्मियों की समस्याओं और उनके अधिकारों को पूरी मजबूती से अधिकारियों व मंचों के सामने रखेंगे।
राष्ट्रीय नेताओं ने दिया एकजुटता का मंत्र
कार्यक्रम में ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIRRBEA) के राष्ट्रीय महासचिव ए. वेंकेटेश्वर रेड्डी, नेशनल फेडरेशन ऑफ रीजनल रूरल बैंक ऑफिसर्स (NFRRBE) के संगठन सचिव बी. उन्नयन, उपाध्यक्ष परविंदर सिंह तथा संयुक्त सचिव मिथुन कुमार ने भी अपनी बात रखी।
राष्ट्रीय नेताओं ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत उनकी एकजुटता ही है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठनात्मक ढांचे के बल पर ही राष्ट्रीय स्तर पर ग्रामीण बैंक कर्मचारियों की मांगों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है। अधिवेशन का समापन आगामी कार्यकाल में नई ऊर्जा और संकल्प के साथ कर्मचारियों की भलाई के लिए संघर्ष जारी रखने के संदेश के साथ हुआ।

