
Jamshedpur : टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड के जमशेदपुर स्थित कोटेड स्टील प्लांट को 20वें CII ईस्टर्न रीजन सेफ्टी, हेल्थ एंड एनवायरनमेंट (SHE) एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2025-26 में लार्ज-स्केल मैन्युफैक्चरिंग श्रेणी में सम्मानित किया गया। कंपनी को यह पुरस्कार सुरक्षा प्रक्रियाओं और सुरक्षा प्रबंधन प्रणालियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
न्यू टाउन, कोलकाता स्थित बिस्वा बांग्ला एग्जीबिशन सेंटर में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया गया। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) की ओर से आयोजित इन पुरस्कारों का उद्देश्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संगठनों को मान्यता देना है। इस वर्ष पुरस्कारों के लिए 90 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया।
टाटा स्टील कलर्स को ह्यूमन-मशीन इंटरफेस (HMI) सेफ्टी, लाइन सेफगार्डिंग, इंटरलॉकिंग सिस्टम, डिजिटलाइजेशन और सुरक्षा प्रबंधन प्रणालियों के क्षेत्र में की गई पहलों के लिए सम्मान मिला। कंपनी के अनुसार, इन पहलों के माध्यम से इंजीनियरिंग नियंत्रणों को मजबूत करने, मशीनों के अनपेक्षित संचालन को रोकने और कार्यस्थल पर सुरक्षा जोखिमों को कम करने पर जोर दिया गया है।
इस उपलब्धि पर टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रवीण वी. थंपी ने कहा कि यह सम्मान कंपनी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने इसे टीमों की सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता और टाटा संस्कृति के अनुरूप मजबूत सुरक्षा प्रथाओं का परिणाम बताया। उन्होंने टीम के प्रत्येक सदस्य के योगदान के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कंपनी सुरक्षा मानकों को लगातार मजबूत करने और ‘जीरो हार्म’ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
टाटा स्टील कलर्स की ओर से पुरस्कार विशाल पांडे, एजीएम-एसएचई, समरेश कुमार और विनय वर्मा ने प्राप्त किया।

