
Jamshedpur : शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस ने रात की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। शनिवार देर रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में विशेष रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया।

जमशेदपुर में पुलिस की गश्त
थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ बिष्टुपुर की प्रमुख सड़कों के अलावा गली-मोहल्लों में भी पहुंचे। इस दौरान संवेदनशील इलाकों और सुनसान स्थानों की निगरानी की गई। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और देर रात बिना किसी स्पष्ट वजह के घूम रहे लोगों से पूछताछ भी की।
थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में गली-गली रात्रि गश्ती की जा रही है। इसका उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना है।

जमशेदपुर में पुलिस की गश्त
पुलिस ने लोगों से अपील की कि जरूरी काम नहीं होने पर देर रात बाहर निकलने से बचें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।
पुलिस के अनुसार आने वाले दिनों में भी रात्रि गश्ती और निगरानी जारी रहेगी। प्रमुख सड़कों के साथ-साथ गली-मोहल्लों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर अपराध पर नियंत्रण रखने का प्रयास किया जाएगा।

