
Jamshedpur : शहर में अवैध लॉटरी और जुआ संचालन के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए साकची और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में नकदी, मोबाइल फोन, लॉटरी-जुआ से संबंधित कागजात और अन्य सामान बरामद किया है।
साकची में तीन गिरफ्तार
साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन के पास अवैध रूप से लॉटरी और जुआ संचालित किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के होमपाइप कल्याण नगर निवासी 30 वर्षीय नीरज कुमार सिंह, काशीडीह निवासी 28 वर्षीय दिलीप पासवान और होमपाइप निर्मल नगर निवासी 32 वर्षीय अरविंद कुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो लॉटरी बोर्ड, 2510 रुपये नकद, विभिन्न नंबरों से लिखी बंसल कंपनी की कॉपी, रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन और ऑनलाइन गोवा स्टार एप से संबंधित स्क्रीनशॉट की हार्ड कॉपी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध लॉटरी और जुआ संचालित करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी दी है। आरोप है कि लोगों को अधिक पैसे कमाने का लालच देकर गोवा स्टार एप के माध्यम से सट्टा लगवाया जाता था। इस मामले में साकची थाना कांड संख्या 70/2026, दिनांक 23 सितंबर 2026 को बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सीतारामडेरा में जुआ संचालन का मामला
दूसरी कार्रवाई सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में हुई। पुलिस को 22 सितंबर की शाम इलाके में अवैध जुआ खिलाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि पुलिस ने जुआ खिलाने के आरोप में बिरसानगर निवासी 32 वर्षीय राहुल कुमार को गिरफ्तार किया। मौके से 1820 रुपये नकद, एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल, एक पॉकेट डायरी, एक नोटबुक और जुआ-लॉटरी से संबंधित पेपर चार्ट बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आम लोगों को जल्दी पैसा कमाने का लालच देकर ठगी करने और अवैध जुआ संचालित करने के आरोप में सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 104/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है।

