Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि, उसकी पत्नी घायल हो गई।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मंझारी थाना अंतर्गत रोलाडीह दीनासाइ गांव निवासी 36 वर्षीय देवेंद्र बिरूवा अपनी 30 वर्षीय पत्नी सोंगा बिरूवा के साथ सोमवार को बाइक पर सवार होकर चाईबासा बिजली का बिल जमा करने आए थे। बिजली का बिल जमा करने के बाद दिन के करीब 3:30 बजे दोनों बाइक से गांव वापस लौट रहे थे।
रास्ते में तांतनगर थाना अंतर्गत बरकुंडिया नदी के पुल पर अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को घटनास्थल से निकालकर सदर अस्पताल, चाईबासा लाया गया। यहां चिकित्सकों ने देवेन्द्र बिरूवा को मृत घोषित कर दिया। सोंगा बिरूवा का एक हाथ और पैर टूट गया है। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, महिला की हालत स्थिर है। तांतनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
शाम हो जाने के कारण देवेन्द्र बिरूवा के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को किया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में बाइक अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है।हादसे के बाद मृतक के गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

