Home » Chaibasa Road Accident : किरीबुरू-छोटानागरा मार्ग पर बस और पिकअप में जोरदार टक्कर, बड़ा हादसा टला

Chaibasa Road Accident : किरीबुरू-छोटानागरा मार्ग पर बस और पिकअप में जोरदार टक्कर, बड़ा हादसा टला

दोनों वाहन घाटी के एक खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार में थे। अचानक आमने-सामने आने पर चालक नियंत्रण खो बैठे और भीषण टक्कर हो गई।

by Rajeshwar Pandey
Chaibasa Road Accident
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। किरीबुरू-छोटानागरा मुख्य मार्ग पर सारंडा घाटी में यात्री बस और तरल पदार्थ से लदी पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

तितलीघाट के पास हुआ हादसा

यह घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र के तितलीघाट और झाड़बेड़ा गांव के बीच स्थित सारंडा घाटी में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन घाटी के एक खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार में थे। अचानक आमने-सामने आने पर चालक नियंत्रण खो बैठे और भीषण टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पिकअप वाहन भी गंभीर रूप से टूट गया।

पुलिस ने बस को कब्जे में लिया

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से स्थिति संभाली गई। सूचना मिलते ही छोटानागरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर थाना ले गई।
सारंडा घाटी बना दुर्घटना संभावित क्षेत्र

गौरतलब है कि किरीबुरू-छोटानागरा मार्ग पर दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सारंडा घाटी में तितलीघाट से सैडल गेट के बीच का हिस्सा सबसे खतरनाक माना जाता है। सड़क संकरी होने और कई अंधे मोड़ होने के कारण सामने से आने वाले वाहनों का अनुमान लगाना मुश्किल होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं और मोड़ों पर हॉर्न नहीं बजाते, जिससे खतरा बढ़ जाता है।

ग्रामीणों ने की सुरक्षा की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने, खतरनाक मोड़ों का चौड़ीकरण करने और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है। ग्रामीणों ने चेताया कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

Read Also- BPSC 70th Exam: गिरिडीह की बेटी काजल ने बढ़ाया जिले का मान, B में पाई 36वीं रैंक

Related Articles

Leave a Comment