Home » Jamshedpur Firing Case: बंगाल क्लब रोड फायरिंग का खुलासा, एक गिरफ्तार, देसी पिस्तौल बरामद

Jamshedpur Firing Case: बंगाल क्लब रोड फायरिंग का खुलासा, एक गिरफ्तार, देसी पिस्तौल बरामद

आरोपी विपिन शुक्ला ने दुकानदारों में भय का माहौल बनाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

by Rakesh Pandey
Jamshedpur Firing Case
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित बंगाल क्लब रोड पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और एक मैगजीन भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दुकानदारों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलमुरी टुइलाडुंगरी निवासी विपिन शुक्ला (28) के रूप में हुई है। मामले में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

19 जून की रात हुई थी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, 19 जून की रात करीब 10 बजे बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के समीप एक अज्ञात युवक ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के बाद साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से 7.65 एमएम का एक खोखा बरामद किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व और सिटी डीएसपी सुधीर कुमार महतो की निगरानी में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद 21 जून को उसे सीतारामडेरा बस स्टैंड की ओर जाते समय हाथीघोड़ा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान विपिन शुक्ला ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई घटना में प्रयुक्त अवैध देसी पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की।

रंगदारी के लिए की थी फायरिंग

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी डीएसपी सुधीर कुमार महतो ने बताया कि आरोपी ने दुकानदारों में भय का माहौल बनाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले इस वारदात में शामिल था या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका भी है।

चर्चित अपराधी दशरथ शुक्ला से जुड़ा है संबंध

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार विपिन शुक्ला का संबंध चर्चित अपराधी दशरथ शुक्ला से है, जो उसका भाई बताया जाता है। दशरथ शुक्ला का नाम पूर्व में मिराज सिनेमा के मालिक हरीश सिंह पर हुई फायरिंग की घटना में सामने आ चुका है। उस मामले में उसका संबंध कुख्यात अपराधियों प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह से भी जुड़ा बताया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दशरथ शुक्ला रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया है।

Read Also- Jamshedpur Road Accident : डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

Related Articles

Leave a Comment