
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर बैठे एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुखदेव गोराई (43) के रूप में हुई है। वह अपने साथी कालिदास राजुआड़ (62) के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा नया रोड पर तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे सुखदेव गोराई ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठे कालिदास राजुआड़ गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल बुजुर्ग का टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल कालिदास राजुआड़ को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायल बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
चालक डंपर छोड़कर फरार
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है। हालांकि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
Read Also- Bitumen Scam :अलकतरा घोटाले में आया महत्वपूर्ण फैसला; ठेकेदार को 3 साल की जेल

