
-जपला-हुसैनाबाद क्षेत्र के लोगों ने शटल ट्रेनों को डालटनगंज तक चलाने की उठाई मांग, हैदरनगर रेलवे स्टेशन पर पसरा सन्नाटा
पलामू : दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा थर्ड लाइन निर्माण कार्य को लेकर जारी नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के कारण पलामू जिले से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है। रेलवे ने 22 से 28 जून तक 14 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 16 एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन 27 जून तक परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।
इससे पलामू, विशेषकर जपला, हैदरनगर और हुसैनाबाद क्षेत्र के हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अधिकांश क्षेत्रों में थर्ड लाइन निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन छीपादोहर और मंगरा स्टेशन के बीच तीसरी लाइन को मुख्य लाइन से जोड़ने का कार्य जारी है।
इसी वजह से एनआई कार्य किया जा रहा है, जिसके कारण कई ट्रेनों को रद्द और डायवर्ट किया गया है।रेलवे के अनुसार डायवर्ट की गई ट्रेनों का परिचालन गढ़वा रोड, डेहरी ऑन सोन, गया, बरकाकाना और चोपन मार्ग से किया जा रहा है। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगेगा।
इन एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला गया मार्ग
विशाखापट्टनम-बनारस एक्सप्रेस, धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, हटिया-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस, टाटानगर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस, जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस, रांची-बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस, जम्मूतवी-टाटानगर एक्सप्रेस, नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस, आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस, वाराणसी-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस, भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस तथा बनारस-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित कुल 16 ट्रेनों का मार्ग 22 से 27 जून तक परिवर्तित रहेगा।
1 एक्सप्रेस और 14 पैसेंजर ट्रेनों को किया गया रद्द
रेलवे ने 1 एक्सप्रेस और 14 पैसेंजर ट्रेनों को भी रद्द कर दिया है। इसमें पलामू की लाइफ लाइन रांची-सासाराम एक्सप्रेस 23 से 27 जून तक रद्द रहेगी। इसके अलावा बरकाकाना-डेहरी आन सोन, बरवाडीह-डेहरी आन सोन, बरवाडीह-चोपन, गोमो-बरवाडीह, बरकाकाना-बनारस तथा डेहरी आन सोन-बरवाडीह समेत कई पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहेगा।
यात्रियों ने रेलवे से मांगी वैकल्पिक व्यवस्था
ट्रेनों के रद्द होने से जपला, हैदरनगर और हुसैनाबाद क्षेत्र के यात्रियों में नाराजगी है। रेलवे यात्री प्रकाश ओझा, राजू विश्वकर्मा, आकिब हुसैन, राजू खान, राकेश प्रसाद, नरेंद्र प्रसाद, रमेश शर्मा,रामकुमार जायसवाल आदि ने रेलवे प्रशासन से बरवाडीह-डेहरी आन सोन शटल और जीडीआर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से डालटनगंज तक बढ़ाने की मांग की है।
उनका कहना है कि इससे हजारों यात्रियों को राहत मिल सकेगी। रेल सेवा नहीं मिलने के कारण करीब 80 किलोमीटर सड़क मार्ग से डालटनगंज जाना पड़ रहा है। इसके लिए बस का किराया 150 रुपये देना पड़ रहा है, जो रेल किराये की तुलना में कई गुना अधिक है। वहीं बसों की संख्या भी यात्रियों की जरूरत के अनुरूप नहीं है। उनलोगों से रेलवे से अतिरिक्त लोकल ट्रेन सेवाएं शुरू करने तथा पलामू सांसद वीडी. राम से हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है।

